जमशेदपुर में दोहरी प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल : आशुतोष राय ने औद्योगिक नगर समिति गठन पर उठाए कई मुद्दे
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जदयू नेता और स्वर्णरेखा क्षेत्र ट्रस्ट समिति के ट्रस्टी आशुतोष राय ने जमशेदपुर औद्योगिक नगर समिति के गठन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) पहले से मौजूद है, तो नई समिति बनाने की आवश्यकता क्यों पड़ी।

उन्होंने कहा कि इस फैसले से शहर में दोहरी प्रशासनिक व्यवस्था बन गई है जिससे विकास कार्यों में भ्रम और टकराव की स्थिति पैदा होगी। राय ने पूछा कि जेएनएसी के कर्मचारियों, संवेदकों, फंड आवंटन, जनसुविधाओं और होल्डिंग टैक्स जैसी व्यवस्थाओं का भविष्य क्या होगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि समिति बिना स्पष्ट एसओपी और जनप्रतिनिधियों से चर्चा किए दबाव में गठित की गई है। साथ ही आशंका जताई कि सरकार और कारपोरेट प्रतिनिधियों के बीच शक्ति संतुलन गड़बड़ाने से निर्णय लेने में पारदर्शिता पर असर पड़ेगा।

राय ने सुझाव दिया कि सरकार को जेएनएसी को भंग कर एक ही समिति से शहर का संचालन करना चाहिए, साथ ही एसओपी बनाकर जनता के सामने लाना चाहिए ताकि विकास कार्य सुचारू रूप से हो सके।


