विश्व आदिवासी दिवस की तैयारी को लेकर नाला में बैठक, कार्यक्रम की भव्य तैयारी शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जामताड़ा: नाला में आगामी विश्व आदिवासी दिवस (9 अगस्त) की तैयारी को लेकर PWD कार्यालय परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्षा राधारानी सोरेन ने की। बैठक में स्थानीय आदिवासी संगठन “आदिवासी सांवता सुसार आखड़ा” के सक्रिय सदस्य मंगल सोरेन ने जानकारी दी कि इस वर्ष विश्व आदिवासी दिवस को नाला में भव्यता के साथ, सांस्कृतिक और बौद्धिक कार्यक्रमों के माध्यम से धूमधाम से मनाया जाएगा।
इस अवसर पर बिहार, बंगाल और ओड़िशा से आने वाले आदिवासी समाज के प्रबुद्ध समाजसेवी, सांस्कृतिक दल एवं कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम में कानून, शिक्षा, और धर्म जैसे विषयों पर विशेषज्ञ वक्ताओं द्वारा विचार प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे समाज में जागरूकता और एकता को बल मिलेगा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु संचालन समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से दिलीप हेम्बरम को अध्यक्ष, रंजीत मराण्डी को उपाध्यक्ष, पानेश्वर किस्कू को सचिव, गार्गी मुर्मू को सह सचिव और अबिता हाँसदा को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक के रूप में जिला परिषद अध्यक्षा राधारानी सोरेन तथा मंगल सोरेन को मनोनीत किया गया।
बैठक में उत्तम हेम्बरम, सोनामुनी हेम्बरम, बाबुजन टुडू, मिनीसर मुर्मू, बासुदेव मराण्डी और प्राण मराण्डी समेत कई स्थानीय सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल और स्मरणीय बनाने हेतु अपनी प्रतिबद्धता जताई।

