हैंसड़ा–मुकुंदासाईं की जर्जर सड़क से ग्रामीण परेशान, प्रशासन से नाराजगी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पोटका विधानसभा क्षेत्र के हैंसड़ा–मुकुंदासाईं गाँव की मुख्य सड़क पिछले कई सालों से खराब पड़ी है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इस सड़क से दर्जनों गाँव के लोग रोजाना आवाजाही करते हैं, लेकिन पांच साल से सड़क जर्जर हालत में है। सड़क पर जगह-जगह पत्थर उभर आए हैं, जिससे वाहनों के टायर पंचर होना और गाड़ियां खराब होना आम बात हो गई है। ग्रामीणों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को कई बार मौखिक और लिखित शिकायतें दीं, लेकिन अब तक केवल सड़क निर्माण का आश्वासन ही मिला है, काम शुरू नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर सड़क का निर्माण जल्द नहीं कराया गया तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे। यह जर्जर सड़क पोटका विधानसभा क्षेत्र में विकास की पोल खोल रही है।


