स्लुइस गेट फेल, कई मोहल्लों में पानी घुसा: सरयू राय
विधायक ने कदमा, सोनारी, बिष्टुपुर व मानगो के जलग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया, प्रशासनिक विफलता ठहराया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कदमा, सोनारी, बिष्टुपुर, मानगो के शांतिनगर और दाईगुट्टू का दौरा कर जलभराव से प्रभावित लोगों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि स्लुइस गेटों के नाकाम रहने से घरों में पानी घुसा, जो स्पष्ट रूप से प्रशासनिक लापरवाही है।

उन्होंने बताया कि बरसात पूर्व इन गेटों की मरम्मत नहीं हुई, नतीजतन नालों का पानी घरों में घुस गया। राय ने टाटा स्टील पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कंपनी ने मरीन ड्राइव तो ऊंचा बना दिया, लेकिन आसपास की बस्तियों की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया।

विधायक ने हर स्लुइस गेट पर हाईपावर पंपसेट लगाने, समय पर मरम्मत और परीक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने कहा कि नदी की चौड़ाई में कमी और जलस्तर में वृद्धि से भी मोहल्लों में पानी तेजी से घुसता है।

उन्होंने उपायुक्त से बातचीत कर राहत के इंतजाम की जानकारी दी। उपायुक्त ने जलभराव वाले क्षेत्रों के लोगों को सामुदायिक भवनों में ठहराने और भोजन की व्यवस्था की बात कही। राय ने उम्मीद जताई कि अगली बरसात तक समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।


