सिंहभूम चैम्बर का प्लेटिनम जुबिली समारोह 26 जुलाई को, महामहिम राज्यपाल करेंगे संबोधित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज अपने प्लेटिनम जुबिली वर्ष के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 26 जुलाई को दोपहर 11:55 बजे चैम्बर भवन में झारखंड के महामहिम राज्यपाल श्री संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर चैम्बर सदस्यों को संबोधित करेंगे और कोल्हान व राज्य के औद्योगिक विकास पर विचार रखेंगे।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक श्री सरयू राय, श्री समीर मोहंती, श्री संजीव सरदार और श्रीमती पूर्णिमा साहू भी उपस्थित रहेंगी। यह जानकारी मानद महासचिव मानव केडिया ने दी।

चैम्बर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने बताया कि प्लेटिनम जुबिली समारोह की शुरुआत 25 मई को लोयोला स्कूल में हुई थी, जिसमें लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला समेत कई केंद्रीय नेता शामिल हुए थे। इसके बाद महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने हेतु मानसून ट्रेड फेयर और टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ टी.वी. नरेन्द्रन का संबोधन भी आयोजित किया गया।

महामहिम राज्यपाल का यह संबोधन कोल्हान के उद्योगजगत के लिए अहम माना जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियों में चैम्बर के पदाधिकारी और सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

