“झारखंड में ई-मोबिलिटी की नई उड़ान: राँची में विक्ट्री इंटरनेशनल फैक्ट्री आउटलेट का भव्य शुभारंभ”
राष्ट्र संवाद संवाददाता
राँची: झारखंड की राजधानी राँची में ई-वाहनों के क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत हुई। राँची के रातू रोड स्थित कमरे में विक्ट्री इंटरनेशनल का पहला फैक्ट्री आउटलेट सोमवार को भव्य उद्घाटन समारोह के साथ शुरू हुआ। समारोह में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और भारत सरकार के पूर्व गृह मंत्री सुबोध कांत सहाय ने विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया।

आउटलेट के डायरेक्टर शिवेंद्र अनुराग ने बताया कि यह झारखंड का पहला ई-रिक्शा फैक्ट्री आउटलेट है, जहाँ फैक्ट्री मूल्य पर इलेक्ट्रिक रिक्शा और ऑटो ग्राहकों को उपलब्ध कराए जाएंगे। विक्ट्री इंटरनेशनल के डायरेक्टर संजय पोपली ने बताया कि कंपनी का उद्देश्य झारखंड में प्रदूषण रहित, किफायती और स्वदेशी परिवहन को बढ़ावा देना है। उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और अन्य अतिथियों ने ई-वाहनों के उपयोग से पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव और झारखंड को प्रदूषण मुक्त राज्य बनाने की दिशा में इस पहल को अहम बताया।

इस अवसर पर जमशेदपुर जिला कांग्रेस के सचिव अमित श्रीवास्तव, रन टोटो के सीईओ सन्नी सानन, गीतेश सिंह, संजय सिंह, पप्पू मिश्रा, जगमोहन देवगन, सुप्रिया दास, संजय कुमार, अमरीश पांडेय समेत बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने ई-रिक्शा की तकनीकी खूबियों की भी जानकारी साझा की और कहा कि इससे झारखंड में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और आम जनता को सस्ती और सुलभ यातायात सुविधा मिलेगी।

