राष्ट्र संवाद संवादाता – ए बी सिद्दीकी
हनवारा: आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर मंगलवार को हनवारा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी ने की, जिसमें विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रशासन की ओर से सभी लोगों से पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम जुलूस को पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाए और तय समय पर इसे संपन्न किया जाए। प्रशासन ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने की बात कही और अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही, किसी भी तरह की गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन या पुलिस को देने का आग्रह किया गया। बैठक में उपस्थित सभी समुदायों के लोगों ने आपसी भाईचारा और सहयोग के साथ मोहर्रम पर्व मनाने का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही शांति और सौहार्द्र की मिसाल कायम की जा सकती है।

