जमशेदपुर में प्लास्टिक कैरी बैग पर कार्रवाई तेज, जेएनएसी की प्रवर्तन टीम सक्रिय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (JNAC) ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक विशेषकर प्लास्टिक कैरी बैग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। उप नगर आयुक्त के निर्देश पर गठित विशेष प्रवर्तन टीम ने अब तक 100 से अधिक दुकानों की जांच की है और भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की है।
टीम में स्वच्छता निरीक्षक, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नगर प्रबंधक समेत अन्य ज़िम्मेदार पदाधिकारी शामिल हैं, जिन्हें प्रतिदिन बाजारों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्सों व फुटपाथ दुकानों की निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। नियमों के उल्लंघन पर अब तक कुल ₹55,000 तक जुर्माना वसूला जा चुका है।
इसके साथ ही नागरिकों को कपड़े, जूट और कागज़ जैसे पर्यावरण के अनुकूल बैग के उपयोग हेतु जागरूक किया जा रहा है। प्रशासन आगामी सप्ताह से स्कूलों, बाजारों व सामुदायिक स्थलों पर विशेष प्लास्टिक विरोधी अभियान भी चलाएगा।
उप नगर आयुक्त ने कहा, “यह कदम केवल नियम पालन के लिए नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अनिवार्य है। प्लास्टिक प्रदूषण के खतरों से बचाव हेतु नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है।”
नगर प्रशासन ने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक कैरी बैग का प्रयोग न करें और स्वच्छ, हरित और सतत् शहर के निर्माण में भागीदार बनें।

