घाटशिला मोबाइल चोरी कांड का खुलासा, दो आरोपी बिहार से गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: घाटशिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। घाटशिला के मऊभंडार स्थित एक मोबाइल दुकान में 11 जून को हुई चोरी की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने बिहार के पूर्णिया जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि आरोपी पहले उसी दुकान में काम करते थे। मौका पाकर दोनों ने दुकान से करीब 50 मोबाइल फोन और एक टैबलेट की चोरी की और फरार हो गए। चोरी की कुल कीमत लगभग 7 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।

एसपी ने बताया कि चोरी के बाद जैसे ही आरोपियों द्वारा चुराया गया टैब चालू किया गया, उसका लोकेशन ट्रेस हो गया। इसके बाद घाटशिला पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पूर्णिया से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी गए मोबाइल फोन, टैब और 25 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


