
कजाख्स्तान में अल्माटी के काजख शहर के हवाई अड्डे के पास शुक्रवार को 100 यात्रियों को ले जा रहे बेक एयरलाइन के एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से सात लोगों की मौत हो गई. कजाखस्तान के उद्योग एवं ढांचागत विकास मंत्रालय ने यह जानकारी दी है. मंत्रालय के अनुसार विमान अल्माटी से राजधानी नूर-सुल्तान के लिए जा रहा था.विमान ने उड़ान भरते ही संतुलन खो दिया और रैलिंग तोड़ते हुए एक दो मंजिला भवन से दुर्घटनाग्रस्त हो गया. यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार सात बजकर 22 मिनट पर हुई.मंत्रालय ने बताया कि घटना के बाद तत्काल बचाव अभियान शुरू किया. विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें आग नहीं लगी. यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को विमान से बाहर निकाला जा रहा है. फिलहाल सात लोगों के मरने की पुष्टि हुई है.कजाख सरकार ने दुर्घटना की जांच के लिए एक विशेष आयोग का गठन किया है. उन्होंने कहा, “आयोग दुर्घटनास्थल की ओर जा रहा है. दुर्घटना का विवरण और कारण का पता लगाया जा रहा है. जब तक घटना के बारे में स्पष्ट स्थिति का पता नहीं चल जाता तब तक इन विमानों की सभी उड़ानों को स्थगित रहेंगी. अलमाटी हवाई अड्डे के अधिकारियों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त विमान में 95 यात्री और चालक दल के पांच सदस्य सवार थे.

