चांडिल डैम में डूबे पॉलिटेक्निक छात्र का शव बरामद, रांची का था निवासी
छात्र की मौत से परिजन सदमे में, चांडिल पॉलिटेक्निक प्रबंधन पर उठे सवाल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल : चांडिल डैम में नहाने के दौरान रविवार को डूबे पॉलिटेक्निक छात्र मोहम्मद साहिल का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। साहिल की उम्र लगभग 21 वर्ष थी और वह रांची जिले के रामगढ़ क्षेत्र का रहने वाला था।
सूत्रों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब तीन बजे साहिल अपने कुछ दोस्तों के साथ चांडिल डैम घूमने और नहाने गया था। इस दौरान वह पानी में उतरने के कुछ ही देर बाद गहराई में चला गया और डूब गया। साथी दोस्तों ने काफी देर तक तलाश करने की कोशिश की, लेकिन जब साहिल नहीं मिला, तो रात करीब आठ बजे चांडिल थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी दिलशान बिरुवा घटना स्थल पहुंचे और मामले की छानबीन की और स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। आखिरकार सोमवार सुबह करीब 9 बजे छात्र का शव डैम से बरामद कर लिया गया। पहचान के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित किया और शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से छात्र के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोग एवं छात्र संगठन कॉलेज प्रबंधन से सवाल पूछ रहे हैं कि छात्रों को बिना किसी निगरानी के डैम जैसे खतरनाक स्थानों पर जाने की अनुमति कैसे मिल जाती है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की अनुसंधान में जुटी गई है.

