आनंद मार्ग एवं पूर्णिमा नेत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में दृष्टि सेवा अभियान
राष्ट्र संवाद, संवाददाता
जमशेदपुर
आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल एवं पूर्णिमा नेत्रालय के संयुक्त सहयोग से दृष्टि सेवा अभियान के तहत गदरा स्थित आनंद मार्ग जागृति केंद्र (शिव मंदिर के पास) में हाल ही में मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु एक जांच शिविर का आयोजन किया गया था।
इस शिविर में लगभग 25 लोगों की नेत्र जांच की गई, जिनमें से 5 मोतियाबिंद रोगियों की पहचान की गई। चिन्हित मरीजों का ऑपरेशन दिनांक 20 अप्रैल को पूर्णिमा नेत्रालय में फेको सर्जरी के माध्यम से सफलतापूर्वक किया गया। अगले दिन, 21 अप्रैल को सभी रोगियों को दवा एवं चश्मा प्रदान कर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। चश्मा पहनाकर उनका सम्मानपूर्वक स्वागत भी किया गया।
आनंद मार्ग वर्षों से आयुष्मान भारत योजना एवं राष्ट्रीय अंधत्व निवारण एवं नियंत्रण कार्यक्रम (DBCS) के तहत दृष्टि सेवा अभियान संचालित कर रहा है, जिससे जरूरतमंदों को नेत्र रोगों से मुक्ति दिलाई जा सके।
दृष्टि सेवा अभियान के तहत अगला नेत्र रोग जांच शिविर 24 अप्रैल (गुरुवार) को सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक, गदरा शिव मंदिर के पास, आनंद मार्ग जागृति केंद्र में आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में आंखों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं की जांच की जाएगी।

