मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को किसी विवाद में ना फंसने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को जीत के लिए षडयंत्र की राजनीति करने की जरुरत नहीं है। अच्छी और सच्ची राजनीति करते हुए ही बीजेपी इस मुकाम पर पहुंची है। पार्टी को अपनी इसी विचारधारा पर दृढ़ रहते हुए झारखंड और देश का विकास करना है। विरोधी कितना भी उकसायें कार्यकर्ताओं को धैर्य और मर्यादा बनाये रखना है। आपको उनके बहकावे में आ कर गलत बयानी नहीं करनी है। क्योंकि आवेश में आ कर दिये गए बयान हमेशा आपको किसी ना किसी विवाद में डाल देते हैं। मुख्यमंत्री ने नामांकन दाखिल करने के बाद पूर्वी विधानसभा और सभी सात मंडलों की कोर कमेटी की बैठक में ये बातें कहीं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने मेहनती और ईमानदार कार्यकर्ताओं की बदौलत ही इस राज्य में और केंद्र में मजबूत और स्थिर सरकार का गठन करने में कामयाब हुई है। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि मजबूत सरकार के कारण इस राज्य में बिचौलियों का जो सिस्टम था वह ध्वस्त हो गया है। पहले ये लोग कमजोर सरकारों को डरा कर धमका कर अपना काम करवा लेते थे, लेकिन हमारी मजबूत सरकार ने सिर्फ और सिर्फ विकास को बढ़ावा दिया है और विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है।कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए रघुवर दास ने कहा कि पहले झारखंड हो या फिर पूरा देश हमेशा जाति और धर्म की राजनीति होती रही। लेकिन जिस तरह से जनता ने हम पर भरोसा जताया है उससे यह साफ हो गया है कि अब इस गंदी राजनीति का अंत हो चुका है जनता विकास की राजनीति को पसंद कर रही है। पिछले 5 वर्षों में हमारी सरकार ने जिस तरह से गांव, गरीब, किसान और वंचितों के लिए काम किया है तो उससे स्पष्ट है कि हम राज्य में 2014 के मुताबिक एक बार फिर मजबूत और स्थिर सरकार बनायेगें। इसीलिए पार्टी ने 65 पार का नारा दिया है।इस जीत में पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका तय करते हुए उन्होंने कहा कि आपको सिर्फ ईमानदारी से सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है, ना गलत बयानबाजी करनी है और ना ही विरोधियों की बुराई। साथ ही पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को ये भी हिदायद दी कि सिर्फ मीडिया में नाम आने के लिए पार्टी का काम ना करें बल्कि जनता की सेवा करने की नियत से ईमानदारी से काम करें। सरकार और जनता के बीच संवादवाहक बनें। जनता से सीधा जुडें और सरकार की सभी योजनाओं की सही जानकारी दें।मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से अनुरोध किया कि आप दिन भर पार्टी के लिए काम ना करें। पहले अपना काम करें, परिवार और घर का काम करें। इसके बाद जो बाकी समय है 3-4 घंटे उसमें पूरी मेहनत और पूरी ईमानदारी से पार्टी के लिए वक्त दें। 21 नवंबर से आप लोग एक बार फिर से घर-घर-रघुवर कार्यक्रम को शुरू कर दीजिए और पूरी ईमानदारी से 26 नवंबर तक इस कार्यक्रम को चलायें। इस दौरान सरकार के काम के साथ ही बीजेपी के अंत्योदय के लक्ष्य से जनता को परिचित कराइए। आप जनता को यह भी बताइए कि किस तरह से जमशेदपुर में हम एक तरह की व्यवस्था को लेकर काम कर रहे हैं। आने वाले तीन चार महीनों के भीतर चाहे वह कंपनी का क्षेत्र हो या फिर बस्ती क्षेत्र हर जगह एक तरह की पानी, बिजली और सीवर की व्यवस्था रहेगी। एक शहर में दो तरह की व्यवस्था नहीं रहेगी।
मुख्यमंत्री ने बैठक के आखिर में एक बार फिर स्पष्ट किया कि हमें सिर्फ अपने विकास की बात करनी है, गुड गवर्नेंस की बात करनी है और घर घर जाकर सिर्फ अपने बारे में बताना है। हमें दूसरों की कमियों या गलतियों के बारे में कह कर खुद को श्रेष्ठ नहीं दिखाना है। भारतीय जनता पार्टी एक श्रेष्ठ पार्टी और आप सबसे श्रेष्ठ राजनीतिक कार्यकर्ता हैं। इसलिए जनता का भरोसा, जनता का विश्वास बार-बार हमारी पार्टी को ही मिल रहा है। इस बैठक में महानगर भाजपा के अध्यक्ष दिनेश कुमार,राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा कल्याणी शरण,राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष गुरदेव सिंह राजा,विधायक प्रतिनिधि पवन अग्रवाल,विधानसभा कोर कमेटी के संयोजक संजीव सिंह,राज्य खादी बोर्ड के सदस्य कुलवंत सिंह बंटी,बस्ती विकास समिति के अध्यक्ष खेमलाल चौधरी,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मिथिलेश सिंह यादव,भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री गुंजन यादव,अप्पा राव,सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रमेश नाग,साकची मंडल अध्यक्ष ध्रुव मिश्रा,गोलमुरी मंडल अध्यक्ष प्रवीर राणा,टेल्को मंडल अध्यक्ष पप्पू मिश्रा,बर्मामाइंस मंडल अध्यक्ष दीपक झा,बिरसानगर मंडल अध्यक्ष श्रीराम प्रसाद आदि मौजूद थे।