18 भाजपा विधायकों के निलंबन के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता उतरे सड़क पर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। झारखंड विधानसभा में हेमंत सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाकर प्रदर्शन कर रहे 18 भाजपा विधायकों को निलंबित करने के निर्णय पर भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए हैं। विधानसभा अध्यक्ष द्वारा पार्टी के 18 विधायकों के निलंबन पर पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ता में आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने और अलोकतांत्रिक निर्णय के विरोध में भाजपा जमशेदपुर महानगर के द्वारा अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सीएम हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया। महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से साकची गोलचक्कर तक पैदल मार्च कर एवं हाथों में पोस्टर-बैनर एवं पुतला लेकर हेमंत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की।