लघु भारत स्मारक और श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर पर कलाकारों संग गंभीर मंथन
-बिष्टुपुर आवास पर कलाकारों-चित्रकारों और मूर्तिकारों के साथ विधायक सरयू राय ने की बैठक
-मंदिर का गर्भगृह बन कर लगभग तैयार, गोपुरम और गरुड़ स्तंभ का कार्य भी तेजी पर
-जमशेदपुर में कला केंद्र की मांग पर विधायक ने सक्षम प्राधिकार से बात करने का दिया भरोसा
जमशेदपुर। जमशेदपुर में लघु भारत स्मारक बनाने तथा श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर, केबुल टाउन के विकास में कलाकारों-चित्रकारों और मूर्तिकारों की भूमिका के संबंध में एक बैठक जमशेदपुर पूर्वी के विधायक श्री सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में हुई। शहर के करीब 35 नामचीन कलाकारों ने बैठक में भाग लिया और इस संबंध में अपना पूरा योगदान देने का निर्णय किया।
बुधवार को हुई बैठक के आरंभ में श्री सरयू राय ने बताया कि श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर केबुल टाउन, गोलमुरी के निर्माण का काम काफी तेजी से हो रहा है। मंदिर का गर्भगृह करीब-करीब बन कर तैयार है। गोपुरम (प्रवेश द्वार), गरुड़ स्तंभ का कार्य भी प्रगति पर है। जमशेदपुर के कलाकारों ने गत 22 जनवरी को अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मंदिर प्रांगण में जुट कर अद्भुत कला संगम का आयोजन किया था। इसी तरह मंदिर के निर्माण में दीवारों पर भित्ती चित्रों तथा खंभों पर नक्काशी आदि के संबंध में जमशेदपुर के कलाकारों की भूमिका अपेक्षित है।

