गम्हरिया स्थित टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट के स्लैग डंपिंग यार्ड में मंगलवार को स्क्रैप माफियाओं द्वारा 45 वर्षीय लोडर चालक अभय सिंह की पत्थर से कूचकर हत्या
गम्हरिया:गम्हरिया स्थित टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट के स्लैग डंपिंग यार्ड में मंगलवार को स्क्रैप माफियाओं द्वारा 45 वर्षीय लोडर चालक अभय सिंह की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी गई। उंक्त घटना के बाद कंपनी के सुरक्षाकर्मियों की गोली से स्क्रैप चोरी कर भाग रहे एक चोर की भी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची गम्हरिया पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद कंपनी परिसर में हड़कंप मच गया। फिलहाल इस मामले में ना तो प्रबंधन और ना ही पुलिस की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है। हालांकि पुलिस के आलाधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं।
घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील लॉन्ग प्रोडक्ट के स्लैग डंपिंग यार्ड में स्क्रैप माफियाओं द्वारा स्क्रैप चोरी करने का प्रयास किया जा रहा था जिसे पे लोडर ऑपरेटर अभय सिंह ने रोकने का प्रयास किया। उसके बाद माफियाओं ने ऑपरेटर की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी।
मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने हत्या कर भाग रहे स्क्रैप माफियाओं को देखा तो उस पर गोली चला दी जिसमे एक स्क्रैप चोर की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
गौरतलब है कि आए दिन स्क्रैप माफिया कंपनी का बाउंड्री फांदकर कंपनी यार्ड से स्क्रैप की चोरी करते हैं। इसका विरोध करने पर वे मरने-मारन पर उतारू हो जाते हैं। अंदरखाने की माने तो इसके पीछे एक बड़े सफेदपोश नेता का हाथ है।
उसी के इशारे पर स्क्रैप माफिया खुलेआम कंपनी से स्क्रैप की चोरी करते हैं जिसपर हाथ डालने की हिमाकत पुलिस-प्रशासन के आलाधिकारी भी नहीं कर पाते हैं। फलस्वरूप, मंगलवार को यह घटना हुई।