प्रेस विज्ञप्ति, दिनांक: 08 अप्रैल 2024
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विशेष आमंत्रित सदस्य रियाजुद्दीन खान ने भाजपा द्वारा कांग्रेस के सुंदर,संतुलित और विकासशील घोषणा पत्र पर हमला करने के लिए सस्ते हथियार के रूप में भाजपा अपने द्वारा प्रायोजित राजनीति के हमाम में मुसलमान को घसीटने पर कड़ी आपत्ति की और कहा कि यह बीजेपी का सुनियोजित षड्यंत्र है जो इनके मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। उन्होंने भाजपा के नेताओं से अपील की कि वे चुनाव में मुसलमान को राजनीतिक मोहरा नहीं बनाएं। भाजपा वर्तमान लोकसभा के चुनाव में बुरी तरह फंस चुकी है क्योंकि इन्होंने अपने 10 साल के कार्यकाल में विकास का कोई काम नहीं किया है और अपने पिछले घोषणा पत्र में जनहित में किए गए सारे वादों पर फेल साबित हुए हैं। इनका दो करोड़ रोजगार देने का वादा झूठा साबित हुआ, महंगाई कम करने का वादा झूठा साबित हुआ, किसानों को एमएसपी देने में विफल रहे, महिलाओं को सुरक्षा देने में विफल रहे। सीमा की सुरक्षा करने में भी विफल रहे जिसका नतीजा है चीन अरुणाचल प्रदेश के बड़े भूभाग पर अपना कब्जा जमा लिया है और केंद्र की भाजपा सरकार किंकर्तव्यविमुड है।सिर्फ कब्जा ही नहीं किया बल्कि अरुणाचल प्रदेश के कई प्रखंडों और इलाकों का नामकरण अपने चीनी भाषा में कर दिया और यह भाजपा की केंद्र सरकार उसको रोक नहीं पाई। मणिपुर जल रहा है वहां के हिंसा को नियंत्रित नहीं कर पा रहे हैं।इनके शासन काल में रुपया अपने बिल्कुल निचले स्तर पर आ गया है। अब इनको कुछ समझ में नहीं आ रहा है तो फिर अपना वही घिसा पिटा मुस्लिम तुष्टिकरण का राग अलाप कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। भाजपा का कोई छोटा नेता अगर इस तरह की अनर्गल बयान बाजी करें तो कहा जाएगा कि वह नादान है लेकिन भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता नरेंद्र मोदी जी इस तरह के तथ्यहीन बयान दे तो निश्चित तौर पर उनकी सोच पर आश्चर्य होता है।भाजपा के नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलने वाली केंद्र सरकार ने अपने शासनकाल में कोई कल कारखाना नहीं खोला जिससे लोगों को रोजगार मिले। ख्याति प्राप्त कोई विश्वविद्यालय और महाविद्यालय नहीं खोले जिससे लोगों को अच्छी शिक्षा मिल सके। कोई अच्छा, बड़ा सरकारी अस्पताल नहीं खोला जिसमें गरीबों और जरूरतमंद लोगों का सस्ता इलाज हो सके। अग्नि वीर के नाम पर भारतीय सेना तक को अस्थाई ठेका प्रथा में डाल दिया जिसमें नौजवानों का भविष्य खराब हो रहा है। पेपर लीक की समस्या से नौजवान जूझ रहे हैं और दूर-दूर तक सरकारी नौकरी मिलने की संभावना नहीं दिख रही है।
उन्नत और विकसित कोई कृषि अनुसंधान केंद्र नहीं खोला जिससे आधुनिक कृषि को बढ़ावा मिल सके। बल्कि कांग्रेस द्वारा बनाए गए कल कारखाने, बंदरगाह और हवाई अड्डा तथा सरकारी संस्थानों को औने पौने दामों में बेचने का काम किया है। स्विस बैंक में जमा काला धन को देश में वापस लाने की बात करने वाली भाजपा की केंद्र सरकार विदेश से वह पैसा तो देश में नहीं ला पाई उल्टे यहां का लाखों करोड़ रूपया इनके नाक के नीचे से भ्रष्टाचारी धन्ना सेठ लेकर विदेश भाग गए और आज तक वह पकड़ से बाहर हैं। जनता को जवाब देने के लिए चुनाव में उनके पास कुछ नहीं है तो फिर वही हिंदू मुस्लिम का विवाद खड़ा करके अपने नाकामी पर पर्दा डाल रहे हैं।
यह अजीब विडंबना है कि कांग्रेस के इतने खूबसूरत घोषणा पत्र में इनको कोई कमी नहीं मिली तो उसमें मुस्लिम तुष्टिकरण का निराधार मुद्दा मिला जो की हकीकत से बिल्कुल परे है। अपने राजनीतिक स्वार्थ को पूरा करने के लिए झूठा और मनगढ़ंत इल्जाम लगाने लगे जबकि हकीकत तो यह है कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में संविधान के बाहर जाकर कोई काम नहीं किया है और सबके लिए बराबर का न्याय किया है । हां शोषित पीड़ित और दलित और आदिवासी वर्ग को आरक्षण देकर उन्हें बराबरी का हक जरूर दिया है। भाजपा के पास चुनाव में जाने के लिए कोई सार्थक और सकारात्मक मुद्दा नहीं है तो ये मुस्लिम तुष्टिकरण और मुस्लिम लीग को घोषणा पत्र से जोड़कर कर जनता को अनावश्यक रूप से से झूठा पाठ पढ़ा कर देश की भोली भाली जनता को उलझन में डालकर अपनी वैतरनी पर करना चाह रहे हैं जो कि स्वस्थ राजनीतिक परंपरा के खिलाफ है। जनता इनके ढोंग को समझ चुकी है और इस 2024 के लोकसभा के चुनाव में इनके जाल में फंसने वाली नहीं है। इस चुनाव में दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। इस चुनाव में सच्चाई जीतेगी और झूठ का पर्दाफाश होगा।
कांग्रेस नेता रियाजुद्दीन खान ने कहा कि जनता को भाजपा की चालों से सावधान रहने की जरूरत है, चुनाव हो जाने तक यह लोग तरह-तरह की चालें चलेंगे।

