नितिन गडकरी ने आईजीएनसीए की प्रदर्शनी ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का अवलोकन किया
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र (आईजीएनसीए) में आयोजित प्रसिद्ध चित्रकार मनाली बोंडे की एकल पेंटिंग प्रदर्शनी ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का अवलोकन किया। इस अवसर पर आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी, कला दर्शन प्रभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. ऋचा कम्बोज और चित्रकार मनाली बोंडे भी उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने इस उत्कृष्ट प्रदर्शनी, जो प्राचीन भारतीय दर्शन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का उत्सव मनाती है, को देखने के बाद चित्रकार मनाली बोंडे की भूरि-भूरि प्रशंसा की। गौरतलब है कि मनाली बोंडे ने अपनी कई देशों, मसलन इटली, इजरायल, कम्बोडिया के अलावा दूसरे कई देशों के पर्यावरण और संस्कृति को अपनी पेंटिंग के माध्यम से प्रदर्शित किया है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के अवसर पर आयोजित यह प्रदर्शनी सांस्कृतिक विविधता पर प्रकाश डालती है।
नितिन गडकरी ने इस अनूठी प्रदर्शनी को सफल बनाने के प्रयासों के लिए कलाकारों और आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने वैश्विक सद्भाव और एकता को बढ़ावा देने में सांस्कृतिक आदान-प्रदान और समझ के महत्त्व पर जोर दिया।
आईजीएनसीए के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने सांस्कृतिक संवाद को बढ़ावा देने की संस्थान की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। अंतर-सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘वसुधैव कुटुंबकम’ प्रदर्शनी सभी उम्र के आगंतुकों के अनुभव को समृद्ध करने वाली है।