उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री शशि भूषण मेहरा (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन तथा व्यापार की रोकथाम हेतु जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स आहूत बैठक संपन्न*
अवैध खनन को हर हाल में रोकें संबंधित अधिकारी- उपायुक्त*
सम्बन्धित अंचल अधिकारी सप्ताह में कम से कम दो दिन रेंडमली बालू घाटों में मारें छापा – उपायुक्त
अवैध रूप से परिवहन करते पकड़े जाने पर करें प्राथमिकी – उपायुक्त
क्रशर संचालन में सुरक्षा मापदंड के अनुपालन की जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराएं- उपायुक्त
आज दिनांक 10.11.2023 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री शशि भूषण मेहरा (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन तथा व्यापार की रोकथाम हेतु जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक आहूत किया गया।
बैठक में उपायुक्त द्वारा अवैध कोयला खनन के फलस्वरूप बने गड्ढे भरने, लगातार जांच अभियान चलाने, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियो के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने, एनजीटी के रोक का अनुपालन, लीज धारक, सुरक्षा मानक का ध्यान रखते हुए क्रशर संचालन आदि की समीक्षा की गई। इसके अलावा विगत बैठक में दिए कई बिंदुओं पर अनुपालन की समीक्षा किया गया
*अवैध खनन की गतिविधियों पर लगाएं रोक, सख्ती बरतें*
उपायुक्त ने कहा की किसी भी सूरत में खनन क्षेत्र से बाहर खनन नहीं होनी चाहिए, अन्यथा कड़ी करवाई करें। वहीं उन्होंने कहा कि मानक का पालन करके ही खनन पट्टा दें। उन्होंने कहा कि निर्धारित खनन पट्टा क्षेत्र के बाहर खनन नहीं होने चाहिए इसका सतत निगरानी करते रहें। लगातार कार्रवाई करें
बैठक में बताया गया कि किसी भी अंचल क्षेत्र में खनन पट्टा क्षेत्र के बाहर खनन कार्य नहीं किया जा रहा है। उपायुक्त ने निर्देश देते हुए कहा कि इसका लगातार अनुश्रवण करते रहेंगे। वहीं उन्होंने जिले में क्रशर संचालन की जानकारी ली एवं निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा मानक का पालन करके क्रशर चलाएं। उन्होंने सभी अंचल अधिकारी क्रशर संचालन में सुरक्षा मापदंड के अनुपालन का भौतिक जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि जिले में किसी भी सूरत में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन नहीं होने चाहिए, इसके लिए जरूरी कदम उठाएं। इसके अलावा समीक्षा क्रम में उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को खनन सम्बन्धित अद्यतन जानकारी रखने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान ही उपायुक्त ने कहा कि राजस्व का हानि नहीं होनी चाहिए, उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारी को ससमय रॉयल्टी जमा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने जेम पोर्टल सभी एजेंसी (कांट्रेक्टर) को निबंधन करवाने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
वहीं इसके अलावा उन्होंने बैठक में पत्थर पट्टों का जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वैध जमीन पर हो रहा है अथवा नहीं इसका प्रतिवेदन दें ताकि समुचित कार्रवाई की जा सके।
वहीं उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम 02 दिन बालू घाटों में औचक छापेमारी करने एवं अवैध खनन करने वाले वाले कड़ी कार्रवाई करने हेतु निर्देश किया।
*अवैध खनन के फलस्वरूप बने गड्ढों की भराई जल्द करें, ताकि कोई अनहोनी न हो*
बैठक में समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने नाला थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडेश्वर क्षेत्र, सर्वश्री ईसीएल के बंद पड़े खदानों में अवैध कोयला खनन के फलस्वरूप बने गढ्ढों की अविलंब भराई करने का निर्देश दिया, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न घटित हो। वहीं वन क्षेत्र के चारों ओर ट्रेंच कटिंग कर वृक्षारोपण करने का निर्देश दिया, जिससे अवैध कोयला खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाया जा सके। इसके अलावा उन्होंने खनन क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखकर अवैध खनन पर हर हाल में रोक लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी गड्ढों का भराई शीघ्र पूर्ण करें तथा भराई कार्य पूर्ण होने तक सीआईएसएफ बल के द्वारा निगरानी रखने, पेट्रोलिंग करने हेतु स्थानीय थाना को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। इसके अलावा नियमित रूप से छापेमारी करने का निर्देश दिया। साथ ही गड्ढे की भराई कार्य में वन प्रमंडल पदाधिकारी को सहयोग हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया
*अवैध खनन एवं परिवहन में पकड़े जाने पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए करें कड़ी कानूनी कार्रवाई*
उपायुक्त ने कहा कि अगर कोयला के अवैध खनन के फलस्वरूप किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है तो इसकी पूर्ण जिम्मेवारी महाप्रबंधक पांडेश्वर क्षेत्र, सर्वश्री, ईसीएल की होगी। उन्होंने अवैध रूप से कोयला परिवहन करने पर पकड़े जाने पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं बैठक में उपायुक्त ने बालू, गिट्टी, कोयला खनिज का अवैध परिचालन पर रोक लगाने को लेकर निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर अवैध परिवहन तथा व्यापार होने की संभावना ज्यादा हो उन स्थानों पर अधिक बेरीकेडिंग लगा के जांच करना सुनिश्चित करेंगे साथ ही इसमें संलिप्त दोषी व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करते हुए आवश्यक कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी हालत में न हो पाए इसके लिए नियमित तौर पर छापामारी करने, खनन क्षेत्रों में गश्त तेज करने हेतु उपायुक्त ने संबंधित को निर्देश दिया।
वहीं एसपी माइंस के द्वारा बताया गया कि माह अक्टूबर 2023 में कोयला चोरी एवं परिवहन तथा भंडारण के कुल 42 मामले प्रकाश में आए, जिसमें से 1 पर प्राथमिकी दर्ज एवं 144.380 एमटी कोयला जब्त किया गया। जिसमें एक डंफर को ब्लैक लिस्ट एवं 17 साइकिल को जब्त किया गया है। वहीं जामताड़ा रेलवे साइडिंग के कोयला लोडिंग/कांटाघर में झारखंड गृह रखा वाहिनी के सुरक्षाबल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा साइडिंग में कोयला लोडिंग एवं अनलोडिंग स्थलों में 16 सीसीटीवी कैमरा लगाया है तथा 10 कैमरा और लगवाने हेतु प्रक्रिया की जा रही है। उपायुक्त ने कोयला परिवहन के दौरान चोरी पर अंकुश लगाने हेतु परिवहन चालान में वैलिडिटी 2-3 घंटा सीमित रखने हेतु ट्रांसपोर्टरों से पत्राचार करने का निर्देश दिया। इसके अलावा ओवरलोडिंग पर भी नियंत्रण रखने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
*नियमित रूप से जांच अभियान चलाएं*
बैठक में जानकारी दी गई कि जिला परिवहन पदाधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी के द्वारा संयुक्त रूप किए गए छापेमारी की जानकारी ली एवं निर्देश दिया की सभी अंचल अधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में इस पर कड़ी नजर रखें।
*कई मामलों में हुई है कार्रवाई*
वहीं जिला खनन पदाधिकारी ने उपायुक्त को बताया कि इस वित्तीय वर्ष में अवैध खनन, खनिज परिवहन, व्यापार की रोकथाम से संबंधित 26, बालू खनिज के 29, पत्थर खनिज 16, स्टोन चिप्स के 10 एवं क्वार्ट्ज खनिज के 5 मामलों में जुर्माना एवं प्राथमिकी हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई है।
उपायुक्त ने बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी एवं जिला खनन पदाधिकारी को पुलिस बल के साथ आपसी समन्वय बनाकर अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाने का निर्देश दिया। वहीं उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारी को अपने अपने क्षेत्रों में विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
*इनकी रही उपस्थिति*
इस मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री बनकर अजिंक्य देवीदास (भा०व०से०), उप विकास आयुक्त श्री अनिलसन लकड़ा, अपर समाहर्ता श्री सुरेन्द्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री अनंत कुमार,जिला परिवहन पदाधिकारी श्री अजय कुमार तिर्की, जिला खनन पदाधिकारी श्री दिलीप कुमार, संबंधित अंचल अधिकारी, महाप्रबंधक ईसीएल पांडेश्वर, एसपी माइंस चितरा प्रतिनिधि, सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

