14 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म, दो युवक हिरासत में
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल थाना क्षेत्र में आदिम जनजाति (सबर समुदाय) की 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस प्रशासन दबाव में होने के कारण फिलहाल आधिकारिक बयान देने से कतरा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार दोपहर लगभग 12 से 1 बजे के बीच की है। नाबालिग लड़की साइकिल से अकेली जा रही थी, तभी पेशे से ट्रैक्टर चालक और उसका साथी युवक ने जबरन साइकिल गिराकर वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने बच्ची को स्थानीय नर्सिंग होम में प्राथमिक उपचार दिलाया। इसके बाद कपाली ओपी प्रभारी धीर रंजन की देखरेख में पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर में भर्ती कराया गया। सूत्रों के अनुसार बच्ची की हालत गंभीर है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है।

घटना के संबंध में चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार बिन्हा से दूरभाष पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, थाना प्रभारी दिलशान बिरुवा ने बताया कि मामले की छानबीन चल रही है और दो युवकों से पूछताछ की जा रही है। इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।


