रविवार को भाजपा का प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, दो दिवसीय कार्यशाला 5 मंडलों में होगी आयोजित
जमशेदपुर। भाजपा जमशेदपुर महानगर के पांच मंडलों में रविवार को दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ होगा। रविवार को टेल्को, बारीडीह, सीतारामडेरा, उलीडीह एवं जुगसलाई मंडल में आयोजित होने वाले दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में दस विषयों पर आधारित कार्यशाला को दस सत्रों में बाँटा गया है। जिनमें रविवार को पांच सत्र एवं सोमवार को अन्य पांच सत्र सम्पन्न होंगे। इस आशय की जानकारी देते हुए भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी प्रेम झा ने बताया कि चयनित सभी पांच मंडलों में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी है। जहां सुबह 9 बजे पंजीकरण के पश्चात उद्घटान सत्र सम्पन्न होगा। उद्घाटन सत्र में सांसद विद्युत वरण महतो के संग पार्टी के वरीय नेता मौजूद रहेंगे। उद्घाटन के पश्चात 10 विषयों पर आधारित प्रशिक्षण में नियुक्त किये गए वक्ता कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। जिनमें भाजपा का इतिहास और विकास, सोशल मीडिया का उपयोग, सुरक्षा सामर्थ्य के साथ आत्मनिर्भर भारत का संकल्प, पिछले 6 सालों में अंत्योदय प्रयत्न, आज के भारत की वैचारिक मुख्यधारा हमारी विचारधारा, हमारा विचार परिवार, व्यक्तित्व विकास, झारखंड में भाजपा सरकार की उपलब्धियां/ अन्य दलों की स्थिति एवं भाजपा की भूमिका समेत भाजपा की कार्य पद्धति एवं संगठन संरचना में कार्यकर्ताओं की भूमिका समेत, 2014 के बाद भारत की राजनीति में बदलाव, भाजपा एवं कार्यकर्ताओं का दायित्व शामिल है। विभिन्न सत्रों में आयोजित कार्यशाला के प्रथम दिन का समापन संध्या 4 बजे होगा। दूसरे दिन सोमवार को अन्य पांच विषयों पर मंडल कार्यकर्ता मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।