मुस्लिम बस्ती गोलीकांड का 24 घंटे में खुलासा
*लूट की साजिश में अंतरराज्यीय गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपियों की तलाश जारी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मुस्लिम बस्ती में 25 सितंबर की रात हुई गोलीबारी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के अनुसार घटना के पीछे नकदी लूटने और जानलेवा हमला करने की साजिश थी। मामले में अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस के अनुसार शेख अजहरुद्दीन, कादिम खान, प्रकाश चंद्र नायक, डब्लू महतो समेत अन्य आरोपी कल्लू खान के घर पहुंचे थे। घर में बड़ी मात्रा में नकदी होने की जानकारी के बाद करीब एक घंटे बातचीत के बाद कथित तौर पर लूट का प्रयास किया गया। इसी दौरान गोली चलने से अब्दुल जाफर घायल हो गए। गोली उनके सिर को छूकर निकल गई। उनका टीएमएच में इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रकाश चंद्र नायक को पकड़ लिया था। ओडिशा निवासी प्रकाश को पुलिस ने हिरासत में लेकर एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक वह पूर्व में हत्या और डकैती के मामलों में उम्रकैद की सजा काट चुका है। वहीं विशेष टीम ने ओडिशा के जशीपुर से 19 वर्षीय डब्लू महतो उर्फ पद्मलोचन मोहंता को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में हुई। टीम में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अंजनी कुमार, एसआई विक्रमादित्य पाण्डेय, हीरालाल कुमार, असलम अंसारी समेत सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

