राष्ट्र संवाद डेस्क
पटना : बिहार सरकार की वरिष्ठ मंत्री लेसी सिंह ने आज पार्टी द्वारा चलाए जा रहे स्वैच्छिक सहयोग राशि संग्रह अभियान के तहत प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा को कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ के समक्ष अपने योगदान का चेक सौंपा। लेसी सिंह ने इस अभियान को मिल रही सफलता पर प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ को बधाई दी और कहा कि दल की मजबूती और विस्तार में इस अभियान की महती भूमिका होगी।
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने इस मौके पर कहा कि सभी जिलों से इस अभियान का उत्साहवर्द्धक परिणाम मिल रहा है। हमारे नेता माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस लगन और निष्ठा से बिहार की सेवा की है, दल के सभी साथी उसी अनुरूप इस अभियान को ऐतिहासिक बनाने के लिए समर्पित भाव से लगे हुए हैं। दल के अर्थतंत्र को मजबूती मिलने से हम सफलतापूर्वक अपने भावी कार्यक्रमों को अंजाम दे पाएंगे।
कोषाध्यक्ष ललन सर्राफ ने कहा कि इस अभियान की सफलता ने हमारा मनोबल बढ़ाया है। इस अभियान में पार्टी के प्रदेश से बूथ स्तर तक की कमिटियों के साथी तथा लाखों क्रियाशील एवं प्राथमिक सदस्य महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा इसकी नियमित समीक्षा कर रहे हैं। यह अभियान अभी लगातार चलेगा।