काठमांडू. नेपाल में आई प्रलयकारी बाढ़ और सैलाब की भीषण तबाही के बीच चलाए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नुवाकोट के त्रिशूली स्थित कृषि विकास बैंक की शाखा भोटेकोशी नदी के उफान में पूरी तरह जलमग्न हो गई थी। आशंका जताई जा रही थी कि सारा कीमती सामान बह गया होगा, लेकिन करीब 8 घंटे के कड़े रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बैंक के मलबे से 50 करोड़ रुपये का सोना और 1.5 करोड़ रुपये की नकदी सुरक्षित बरामद कर ली गई है। प्रशासन ने इस पूरे खजाने को कड़ी सुरक्षा के बीच महफूज स्थान पर शिफ्ट कर दिया है।
त्रासदी में 903 मौतें, 4200 से अधिक लोग अब भी लापता
नेपाल के गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, विनाशकारी सैलाब के चलते अब तक 903 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। इनमें चितवन से 272, नवलपरासी पूर्व से 207, नवलपरासी पश्चिम से 151, नुवाकोट से 95 और अन्य जिलों से दर्जनों शव शामिल हैं। इसके अलावा 4,247 लोगों के लापता होने की आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज हुई है, जिनमें नेपाल पुलिस, नेपाली सेना और सशस्त्र बल के जवानों के साथ-साथ जलविद्युत परियोजनाओं के 933 कर्मचारी और 592 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
सुरक्षाबलों का विशाल महाअभियान, 10 हजार से अधिक जिंदगियां बचाई गईं
आपदा से निपटने के लिए नेपाल पुलिस, सेना और सशस्त्र पुलिस बल के 20,800 से अधिक जवान ग्राउंड पर तैनात हैं। अब तक 10,451 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है, जिसमें सेना ने 411 हेलिकॉप्टर उड़ानों के जरिए 3,500 से अधिक देशी-विदेशी नागरिकों को एयरलिफ्ट किया। हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट्स से चीनी और भारतीय नागरिकों को भी सुरक्षित निकाला गया है। वर्तमान में 267 घायलों में से कई का इलाज जारी है, जबकि अज्ञात शवों को पहचान के लिए 21 अलग-अलग अस्पतालों में सुरक्षित रखा गया है।
टनल में 5 फीट मलबे के बीच जिंदगी की तलाश जारी
त्रिशूली हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट समेत कई सुरंगों में अभी भी मजदूर फंसे हुए हैं। टनल के भीतर 4 से 5 फीट तक जमा गीला मलबा और पानी रेस्क्यू टीमों की राह में सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। भारी दलदल के बावजूद बचाव दल लगातार अंदर दाखिल होने और टनल में अटकी जिंदगियों को सकुशल बाहर निकालने के प्रयास में जुटा है। राहत कार्यों को गति देने के लिए प्रभावित इलाकों में पर्याप्त ईंधन और 6 विशेष सर्जिकल मेडिकल टीमें भी तैनात की गई हैं।

