नई दिल्ली. कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने तंज कसते हुये कहा कि राहुल गांधी को कांग्रेस भी गंभीरता से नहीं लेती, देश का तो सवाल ही नहीं उठता. आज जब वे राष्ट्रपति को विरोध व्यक्त करने गए तब कांग्रेस से कोई भी नेता किसानों से हस्ताक्षर करवाने नहीं आया और न किसानों ने हस्ताक्षर किए. अगर राहुल गांधी इतने चिंतित होते, तो किसानों के लिए कुछ कर सकते थे, जब उनकी सरकार सत्ता में थी. कांग्रेस का चरित्र हमेशा से किसान विरोधी रहा है.
इससे पहले कृषि कानूनों के समर्थन में बागपत के किसान मजदूर संघ के 60 किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से दिल्ली स्थित कृषि भवन में मुलाकात की. समर्थन में मुलाकात करने आए किसानों ने केंद्रीय कृषि मंत्री को एक पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने कृषि कानूनों के लिए पत्र के जरिए लिखित समर्थन दिया है.
कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि किसान मजदूर संग, बागपत के प्रतिनिधि कृषि भवन में आए. हमने उनका स्वागत किया. ये सभी किसान कृषि सुधार कानूनों का समर्थन करना चाहते हैं. इन्होंने मुझे समर्थन पत्र भी दिया. उन्होंने कहा कि कृषि सुधार कानूनों में संशोधन के लिए सरकार को दबाव में आने की जरूरत नहीं है.

