दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक की मौत,तीन घायल
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबी पुल के समीप हुई घटना
तरैया का रहने वाला बताया जा रहा है मृतक
बेगूसराय।
बेगूसराय/अजय शास्त्री:-
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धोबी पुल के समीप गुरुवार को दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई।वहीं, इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों की स्थिति नाजुक बतायी जा रही है। मृतक व्यक्ति की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तरैया गांव के रहने वाले 38 वर्षीय मो. आजाद के रूप में की जा रही है। जबकि घायलों की पहचान मो. दानिश, पिंटू कुमार और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। बताया जाता है मृतक अपने भतीजे के साथ तरैया से रजौरा की ओर मार्केटिंग के लिए जा रहा था।इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति से आ रही बाइक से टक्कर हो गई।इस घटना में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर मौत हो गई जबकि तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में तीनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां तीनों का स्थिति नाजुक बनी हुई है। दूसरी ओर मृतक युवक के परिजनों में कोहराम मच गया।सूचना पर मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

