:जमशेदपुर हर किसी का सपना होता है कि उसके सिर पर अपना घर हो,और जमशेदपुर में आज 340 परिवारों का यह सपना साकार हो गया।
राष्ट्र संवाद संवादाता
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने आवासों की चाबियां पहले चरण में लाभुकों को सौंप दी गईं। गृह प्रवेश के साथ नए आशियाने में कदम रखते ही लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
जमशेदपुर के बिरसानगर मोहरदा में निर्मित देश के प्रधानमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित फ्लैटों का विधिवत गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। पहले चरण में 340 लाभुकों को उनके आवास की चाबी सौंपी गई। झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदीव्य कुमार ने ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम का उद्घाटन किया, जबकि जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने लाभुकों के साथ पूजा-अर्चना कर गृह प्रवेश की रस्म पूरी कराई। यहां कुल 644 फ्लैट बनकर तैयार हैं। जिन 340 लाभुकों ने बैंक की निर्धारित किश्त जमा कर दी है, उन्हें पहले चरण में फ्लैट की चाबी सौंपी गई। इस परियोजना की आधारशिला तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में रखी गई थी, हालांकि निर्माण कार्य पूरा होने में समय लगा और अब इसका लाभ लोगों को मिलना शुरू हो गया है
अपने नए घर की चाबी पाकर लाभुकों की खुशी देखते ही बन रही थी। कई परिवारों ने बताया कि वर्षों तक किराए के मकान में रहने के बाद अब उन्हें अपना स्थायी आशियाना मिला है। लाभुकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत किफायती दर पर आवास उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकार प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि आज उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है।

