जबरन त्यागपत्र की मांग न्यायोचित नहीं : रघुवर दास
स्टील स्ट्रिप ह्विल्स लि. कर्मी पूर्व मुख्यमंत्री मिले
जमशेदपुर। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पूर्वी सिंहभूम के उप श्रमायुक्त को पत्र लिख कर स्टील स्ट्रिप ह्विल्स लि. प्रबंधन द्वारा वहां कार्यरत कर्मियों से जबरन त्यागपत्र मांगे जाने के मामले में न्यायोचित कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
श्री दास ने कहा कि कोरोना माहामारी को लेकर पूरा देश परेशान है। केंद्र सरकार ने ऐसी स्थिति में व्यावसाइयों के लिए कई घोषणाएं की है तथा सहयोग भी कर रही है। कई कंपनियां भी अपने श्रमिकों को बगैर काम के वेतन दे रही है। ऐसी स्थिति में स्टील स्ट्रिप ह्विल्स लि. के प्रबंधन द्वारा जमशेदपुर में कार्यरत कर्मचारियों को तरह-तरह प्रताडि़त करने तथा जबरन त्यागपत्र लिया जाना न्यायसंगत नहीं है।
इसके पूर्व सोमवार को स्टील स्ट्रिप ह्विल्स लि. के कामगारों का एक प्रतिनिधिमंडल श्री पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में पूर्व मुख्यमंत्री से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में कहा गया है कि कंपनी प्रबंधन 69 कर्मचारियों को ऐन-केन-प्रकारेण हटाना चाहती है। इसके लिए कई कर्मचारियों से जबरन त्याग पत्र लिया गया है। जिन्होंने त्याग पत्र देने से इंकार किया है, उनका वेतन व अन्य भत्ता रोका जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि कंपनी वैसे भी उत्पादन नहीं होने के नाम पर कर्मचारियों को 45 प्रतिशत ही वेतन दे रही है। ऐसी स्थिति में कर्मचारियों की सेवा समाप्त करना दुर्भाग्यपूर्ण है।