निजाम खान
■ *कोविड-19 से संबंधित गठित नियंत्रण कक्ष में किसी प्रकार की शिकायतें नही प्राप्त होने पर प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति तत्काल प्रभाव से रद्द, अनुमंडल पदाधिकारी जामताड़ा के नियंत्रण में नियंत्रण कक्ष यथावत रहेंगे कार्य शील, जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त जामताड़ा श्री गणेश कुमार(भा.प्र.से.) ने इस हेतु आदेश जारी किया*
■ *उक्त नियंत्रण कक्ष के अलावे कोविड-19 से संबंधित शिकायतों/ सूचनाओं हेतु जिला निर्वाचन शाखा,जामताड़ा में पूर्व से संचालित निःशुल्क टोल फ्री नं0 1950 पर भी सम्पर्क कर सकतें हैं आम लोग*
जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त जामताड़ा के आवासीय कार्यालय के आदेश ज्ञापांक 138 गो0(आ0) दिनांक 24.03.2020 तथा आदेश ज्ञापांक 223 गो0(आ0) दिनांक 01.04.2020 द्वारा कोविड-19 से संबंधित सूचनाओं को संधारित करने एवं संबंधित सर्विलान्स टीम/ मेडिकल टीम को सूचित करने हेतु अनुमण्डल पदाधिकारी, जामताड़ा के नियंत्रण में क्रमशः कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति 24X7 रोस्टर के अनुसार की गई थी।
अनुमण्डल पदाधिकारी, जामताड़ा द्वारा सूचित किया गया है कि वर्तमान में कोविड-19 से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायतें कोविड-19 नियंत्रण कक्ष को प्राप्त नहीं हो रही है एवं जिला नियंत्रण कक्ष पूर्व से कार्यरत है। साथ ही वर्तमान में सरकार द्वारा सभी विभागीय कार्यालयों को खोलने का आदेश भी निर्गत है, उक्त परिप्रेक्ष्य में वर्तमान समय में कोविड-19 से संबंधित नियंत्रण कक्ष में अतिरिक्त कर्मचारियों/ पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति उचित प्रतीत नहीं होे रहा है एवं सरकारी कार्यों का निष्पादन भी प्रभावित हो रहा है।
उपरोक्त तथ्यों के आलोक में इस कार्यालय के आदेश ज्ञापांक 138 गो0(आ0) दिनांक 24.03.2020 तथा आदेश ज्ञापांक 223 गो0(आ0) दिनांक 01.04.2020 द्वारा जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री गणेश कुमार (भा. प्र. से.)ने कोविड-19 से संबंधित गठित नियंत्रण कक्ष को विलोपित करने एवं उक्त नियत्रण कक्ष में प्रतिनियुक्त सभी कर्मचारियों/ पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निदेश देते हुए कहा कि वे अपने संबंधित कार्यालय में ससमय योगदान देते हुए अपने कर्तव्यों का निवर्हन करेंगे।
वहीं उपायुक्त ने कहा कि अनुमण्डल पदाधिकारी, जामताड़ा के नियंत्रण में पूर्व से कार्यरत नियंत्रण कक्ष यथावत कार्यरत रहेंगे एवं उक्त नियंत्रण कक्ष में आवश्यकतानुसार रोस्टर के अनुसार कर्मचारियों/ पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति अनुमण्डल पदाधिकारी, जामताड़ा द्वारा की जायेगी एवं सभी प्रकार की प्राप्त शिकायतों के संबंध में अविलम्ब आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित को निर्देशित करेंगे।
उक्त नियंत्रण कक्ष के अलावे कोविड-19 से संबंधित शिकायतों/ सूचनाओं हेतु जिला निर्वाचन शाखा, जामताड़ा में पूर्व से संचालित निःशुल्क टोल फ्री नं0 1950 पर भी सम्पर्क किया जा सकेगा।
इस संबंध में उपायुक्त जामताड़ा ने पुलिस अधीक्षक, जामताड़ा उक्त जिला नियंत्रण कक्ष हेतु आवश्यकतानुसार पुलिस पदाधिकारियों के साथ-साथ सशस्त्र बल की प्रतिनियुक्ति हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा।