नई दिल्ली. कोरोना वायरस का संक्रमण धीरे धीरे अब कम होता जा रहा है, देश में रोजाना आने वाले नए कोरोना मामलों में पहले के मुकाबले काफी हद तक कमी आई है और कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण से 336 लोगों की मौत हुई है और अब तक कोरोना की वजह से देश में कुल 1,43,355 लोगों की मृत्यु हो चुकी है.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना के एक्टिव मामलों में 3,960 की कमी आई है और अब देश में कुल 3,52,586 एक्टिव कोरोना मामले बचे हैं जो देश के कुल कोरोना मामलों का सिर्फ 3.56 प्रतिशत है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना वायरस के 27,071 नए मामले दर्ज किए गए हैं. देश में अब कोरोना वायरस के कुल मामलों का आंकड़ा बढ़कर 98,84,100 तक पहुंच गया है, हालांकि इस आंकड़े में 92,88,189 मामले ऐसे हैं जो पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं.
वहीं भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद के अनुसार रविवार को देशभर में 8.55 लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट हुए हैं और देश में कुल टेस्टिंग का आंकड़ा 15.45 करोड़ को पार कर गया है.

