*बूथ 171-172 के मतदाताओं को राहत, क्लब हाउस में बनेगा मतदान केंद्र; बुजुर्गों को सबसे बड़ी सुविधा*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
आदित्यपुर सहारा गार्डन सिटी और सिंडिकेट कॉलोनी के मतदाताओं के लिए मतदान को लेकर बड़ी राहत की खबर है। अब बूथ संख्या 171 और 172 से जुड़े मतदाताओं को मतदान के लिए एनआईटी कॉलेज जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उनके लिए सहारा गार्डन सिटी परिसर स्थित क्लब हाउस में ही मतदान केंद्र की व्यवस्था की गई है।
यह बदलाव स्थानीय मतदाताओं की सुविधा की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेषकर बुजुर्ग, दिव्यांग एवं ऐसे मतदाताओं को इससे राहत मिलेगी, जिन्हें दूर स्थित मतदान केंद्र तक पहुंचने में परेशानी होती थी। सहारा गार्डन सिटी एक बड़ा आवासीय परिसर है, जहां बड़ी संख्या में परिवार निवास करते हैं। परिसर में ही मतदान केंद्र उपलब्ध होने से मतदाताओं का समय और आवागमन दोनों बचेंगे।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन की ओर से वर्ष 2026 के नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान केंद्रों की सूची और उसमें संशोधन संबंधी जानकारी सार्वजनिक की गई है। उपलब्ध मतदाता सूची संबंधी विवरण में भी सहारा गार्डन सिटी क्लब हाउस को बूथ संख्या 171 के रूप में दर्ज किया गया है।
स्थानीय स्तर पर इस सुविधा के लिए काफी समय से प्रयास किया जा रहा था। मतदाताओं की ओर से बीएलओ तथा वरीय निर्वाचन अधिकारियों के समक्ष सहारा गार्डन सिटी परिसर में ही मतदान केंद्र उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था।

