गिरिडीह रेलवे ट्रैक पर युवक की मौत, चार माह पहले हुई थी शादी
राष्ट्र संवाद संवादाता
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गरहटांड रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार को एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के शिवमुहल्ला निवासी राजेंद्र प्रसाद के 29 वर्षीय पुत्र देव आशीष कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, देव आशीष की शादी करीब चार माह पूर्व बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह निवासी मनोज कुमार राम की पुत्री मोली कुमारी से हुई थी। शुक्रवार की सुबह वह रोज की तरह बाइक से अपनी दुकान खोलने के लिए बक्शीडीह जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसी बीच दोपहर में ग्रहटांड रेलवे ट्रैक पर उनके ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही परिजनों को भी सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को युवक की मौत की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पत्नी मोली देवी ने बताया कि उनके पति सुबह दुकान जाने की बात कहकर निकले थे। दोपहर में पुलिस का फोन आने पर वह सदर अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्हें पति की मौत की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि घटना कैसे हुई, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।
वहीं मृतक के भाई विकास कुमार ने बताया कि देव आशीष की शादी चार माह पहले हुई थी। पति-पत्नी के बीच कुछ बातों को लेकर कभी-कभी विवाद होने की जानकारी उन्हें अन्य लोगों से मिली थी।
हालांकि परिवार के सभी सदस्य अलग-अलग रहते हैं और उनका व्यवसाय भी अलग है। उन्होंने बताया कि भाई दुकान के लिए निकले थे, लेकिन बाद में पुलिस से घटना की सूचना मिली।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद मृतक के परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।

