लखनऊ। सूबे की योगी सरकार उन 33,408 किसानों को कर्ज माफी का लाभ देने की तैयारी है, जो पांच साल से इसकी राह देख रहे हैं। बताया जा रहा है कि कृषि विभाग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव भेज रहा है। मुहर लगने के बाद राज्य के 19 जिलों के किसानों का 200 करोड़ का कर्ज माफ होगा। बता दें कि योगी सरकार ने किसानों का कर्ज माफ करने के लिए फसल ऋण मोचन योजना नौ जुलाई, 2017 को लागू की थी। इसमें छोटे व सीमांत किसान का एक लाख रुपये तक का ऋण माफ किया गया, ताकि किसान फसल ऋण से मुक्त होकर खेती कर सकें। किसानों से वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन लिए गए। इसके अंतर्गत करीब 86 लाख किसानों का ऋण माफ भी हो चुका है लेकिन, 33,408 किसान अब भी अधर में हैं। जानकारी के अनुसार 19 जिलों के ये किसान अधिकांश सामान्य वर्ग के हैं। सिर्फ अयोध्या जिले में ही ऋणमाफी योजना का लाभ न पाने वालों की तादाद 3934 है। इस मामले में हाई कोर्ट ने भी सरकार से जवाब तलब किया है। शासन से धन मिलने की राह देखी जा रही है। इन किसानों की ऋणमाफी के लिए करीब 200 करोड़ रुपये की जरूरत है। उम्मीद है कि जल्द सरकार इस संबंध में कदम उठाएगी।

