जमशेदपुर -: पूरा कोल्हान प्रचंड गर्मी से त्रस्त है. पारा 44 डिग्री के पार पहुंच चुका है. सभी पारंपरिक जलस्रोत सूख चुके हैं. स्वर्णरेखा एवं खरकई नदियों का पानी जहरीला हो चुका है.
लौहनगरी जमशेदपुर हो या कला नगरी सरायकेला हर तरफ पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. शहरी निकायों ने हाथ खड़े कर दिए हैं. जनता बूंद- बूंद पानी को तरस रही है. इधर शुक्रवार को जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना अंतर्गत बाबूडीह और लाल भट्ठा के लोगों के सब्र का बांध टूट गया और सैकड़ों की संख्या में क्षेत्र की महिलाएं एवं पुरुष हाथों में पानी तसली, डेगची, गैलन आदि लेकर सड़कों पर उतर पड़े और सरकार एवं जिला प्रशासन से पानी की मांग की. बस्तीवासियों ने बताया कि दोनों बस्तियों के सैकड़ों परिवार भीषण जल संकट से जूझ रहे हैं.
जुस्को द्वारा एक समय पानी दिया जाता है वो भी कुछ समय के लिए. पानी के लिए दोपहर से ही घंटों लाइन में लगना पड़ता है. एक वक्त पानी सैकड़ों परिवार के लिए नाकाफी है. लोगों ने दो वक्त पानी मुहैया कराने की मांग की. इस दौरान लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया.

