
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर: शहर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सिविल ड्रेस में पहुंची पुलिस की टीम ने एक युवक को बीच सड़क से पकड़कर निजी कार में बैठाया और तेजी से वहां से निकल गई। घटना को देखने वाले स्थानीय लोगों को शुरुआत में लगा कि किसी युवक का अपहरण किया जा रहा है। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना तत्काल सीतारामडेरा थाना पुलिस को दी गई।
जानकारी के अनुसार, युवक उलीडीह थाना क्षेत्र में हुई चापड़बाजी की एक घटना का फरार आरोपी था, जिसकी तलाश पुलिस लंबे समय से कर रही थी। आरोपी के सीतारामडेरा इलाके में मौजूद होने की गुप्त सूचना मिलने पर उलीडीह थाना पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए विशेष रणनीति बनाई। पुलिस टीम सिविल ड्रेस में काले रंग की निजी कार से इलाके में पहुंची ताकि आरोपी को भनक न लगे।
पुलिस ने कोर्ट परिसर के आसपास घेराबंदी कर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। जैसे ही आरोपी वहां पहुंचा, टीम ने बिना समय गंवाए उसे अपने कब्जे में लिया और तुरंत कार में बैठाकर वहां से रवाना हो गई। पूरी कार्रवाई इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझ नहीं आया और उन्होंने इसे अपहरण की घटना समझ लिया।
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि युवक को किसी अपराधी गिरोह ने नहीं, बल्कि उलीडीह थाना पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार किया है। इसके बाद सीतारामडेरा पुलिस ने उलीडीह थाना से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी ली और वरीय अधिकारियों को भी अवगत कराया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चापड़बाजी के मामले में पहले से केस दर्ज था और वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार अभियान जारी रहेगा, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बनी रहे।

