चाईबासा में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 7 बाइक बरामद; 3 गिरफ्तार, 3 किशोर निरुद्ध
राष्ट्र संवाद संवादाता
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में चोरी की सात मोटरसाइकिल बरामद की गईं, जबकि गिरोह से जुड़े छह लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि तीन विधि-विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अमित रेनू को सूचना मिली थी कि कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री के साथ-साथ उन्हीं वाहनों का उपयोग छिनतई, चोरी और मारपीट जैसी घटनाओं में कर रहे हैं। इसके बाद एसडीपीओ किरीबुरू विनित कुमार किन्डो के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने बड़ाजामदा के टंकीसाई, नोवामुंडी के डुकासाई तथा लाल बिल्डिंग के समीप झाड़ियों में छापेमारी कर सात बाइक बरामद की।
पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार गिरोह के मास्टरमाइंड दयाल कुमार नाग उर्फ मंगरू और संदीप पिंगुवा उर्फ पोटी उर्फ तितली हैं, जो पहले भी जेल जा चुके हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में दयाल कुमार नाग (20), संदीप पिंगुवा (25) और बॉबी दास (19) शामिल हैं। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

