जो सुर-ताल में समन्वय बिठा लेते हैं, वे जीवन में आगे बढ़ जाते हैं : सरयू राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि संगीत जीवन को दिशा देने के साथ परमात्मा तक पहुंचने का माध्यम भी है। जो लोग सुर और ताल में समन्वय स्थापित कर लेते हैं, वे जीवन में भी आगे बढ़ते हैं। वह बारीडीह स्थित अपने कार्यालय में ‘धुन आर्ट एंड म्यूजिक’ के संगीत प्रशिक्षण केंद्र के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
सरयू राय ने कहा कि संगीत प्रकृति का वरदान है और सात सुरों में पूरी दुनिया का संगीत समाया हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण केंद्र में बच्चों को गायन के साथ-साथ वाद्य यंत्रों की भी शिक्षा मिलेगी, जिससे उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास होगा। उन्होंने पुराने दौर के मधुर संगीत को याद करते हुए कहा कि आज के संगीत में सुर और ताल का अभाव दिखाई देता है, फिर भी संगीत का प्रभाव लोगों पर बना रहता है।
इस अवसर पर उन्होंने नर्सरी से कक्षा पांच तक के बच्चों के लिए एक गैर-व्यावसायिक विद्यालय शुरू करने की इच्छा भी जताई। उन्होंने कहा कि विद्यालय में सामान्य शुल्क लिया जाएगा और इसका उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना होगा। इसके लिए उन्होंने विकास विद्यालय के विकास सिंह से सहयोग का आग्रह किया।
कार्यक्रम में स्वर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी अशोक गोयल, वरिष्ठ समाजसेवी शिवशंकर सिंह, चंदन, विकास सिंह, कार्यालय प्रभारी अशोक कुमार, राजीव कुमार, सुधीर सिंह, एम. चंद्रशेखर राव, इंद्रजीत सिंह, प्रवीण सिंह सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।

