परेशान किसान ने अर्जुन मुंडा से लगाई गुहार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर आते समय बुंडू-तमाड़ क्षेत्र के किसानों से मुलाकात हुई अर्जुन मुंडा की उन्होंने एक अत्यंत गंभीर समस्या से अवगत कराया।
किसानों ने बताया कि इस क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन पुआल लेकर रांची और आसपास की गौशालाओं में भेजे जाते हैं, जिससे पशुपालकों की ज़रूरतें पूरी होती हैं और स्थानीय हज़ारों परिवारों की आजीविका भी चलती है। परंतु प्रशासन द्वारा उन वाहनों पर लगातार भारी जुर्माना लगाया जा रहा है, जिससे किसान अत्यंत परेशान हैं। प्रतिदिन लगभग 100 से 150 गाड़ियाँ इस कार्य में संलग्न रहती हैं।
यह स्थिति न केवल किसानों के परिश्रम का अपमान है, बल्कि उनकी आजीविका पर भी सीधा प्रहार है। प्रशासन की यह कार्रवाई अन्यायपूर्ण है।
इस गंभीर विषय पर आज अर्जुन मुंडा जी ने परिवहन सचिव से वार्ता की और निर्देश दिए कि किसानों के वाहनों पर लगाए जा रहे जुर्माने को अविलंब बंद करे । सरकार का यह कर्तव्य है कि वह अन्नदाताओं के साथ खड़ी हो, न कि उनकी रोज़ी-रोटी पर संकट खड़ा करे।
ये किसान वर्षों से यह कार्य निष्ठा के साथ करते आ रहे हैं, और उनकी मेहनत का सम्मान किया जाना चाहिए, न कि उसे दंडित किया जाए।