‘बाबा नाम केवलम्’ अखंड कीर्तन से गूंजी भक्ति धारा
गदरा आनंद मार्ग जागृति में कीर्तन, नारायण सेवा व कंबल वितरण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आनंद मार्ग प्रचारक संघ की ओर से गदरा आनंद मार्ग जागृति में तीन घंटे का अखंड ‘बाबा नाम केवलम्’ कीर्तन, नारायण सेवा, 100 कंबल एवं पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात आचार्य ब्रजगोपालानंद अवधूत ने कहा कि आज समाज में तामसिक और राजसिक प्रवृत्तियाँ बढ़ रही हैं। इन भावों में संतुलन लाने और लोगों में सात्विक ऊर्जा जागृत करने के लिए ऐसे कीर्तन कार्यक्रम आवश्यक हैं। सामूहिक कीर्तन से मानसिक शक्ति एकत्र होती है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
सुनील आनंद ने कहा कि ‘बाबा नाम केवलम्’ कीर्तन एक उच्चतम भावनात्मक साधना है, जो व्यक्ति को तनाव, चिंता और अशांति से मुक्त कर ईश्वर के साथ गहरे संबंध में जोड़ता है। कीर्तन से संकल्प, विचार और कार्यशक्ति जागृत होती है, जिससे जीवन में आनंद, सफलता और समृद्धि आती है।
उन्होंने बताया कि कीर्तन ध्यान और भक्ति का अद्वितीय माध्यम है, जो मन, शरीर और आत्मा के संगम का अनुभव कराता है। यह व्यक्ति को वैराग्य, स्थिरता और आत्मिक शांति प्रदान करता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सामूहिक भक्ति में भाग लेकर ईश्वरीय आनंद का अनुभव किया।

