रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां): आदित्यपुर स्थित आशियाना ट्रेड सेंटर में आयोजित ‘गौ सम्मान अभियान’ की बैठक में जिले के उद्योगों में गौ संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में मांग उठाई गई कि प्रत्येक औद्योगिक इकाई अपने परिसर में कम से कम एक गौ माता (गाय) का पालन करे। अभियान से जुड़े सदस्यों का मानना है कि इससे औद्योगिक परिसर में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा, वास्तु संबंधी दोषों का निवारण होगा तथा उद्योगों की निरंतर प्रगति और समृद्धि में भी सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि गौ सेवा भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक मूल्यों का प्रतीक है तथा इससे पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस मांग के समर्थन में 27 जुलाई को सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त को 10 हजार हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन सौंपा जाएगा। अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला है। आयोजकों के अनुसार अब तक करीब 10 हजार लोगों के हस्ताक्षर एकत्र किए जा चुके हैं। अभियान से जुड़े लोगों ने प्रशासन एवं उद्योग प्रबंधन से इस पहल पर सकारात्मक विचार कर गौ संरक्षण को बढ़ावा देने की अपील की।
बैठक में सुमित खंडवाल, सीमा पांडेय, मधुलिका गौतम, भारती कुमारी, सोमनाथ गोराई, राजकुमार गोराई समेत अभियान से जुड़े कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।

