जामताड़ा में नशे के खिलाफ सख्ती, शैक्षणिक संस्थानों के आसपास बनेगा ड्रग फ्री जोन
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: समाहरणालय सभागार में जिला एनकोर्ड (NCORD) समिति की बैठक आयोजित कर मादक पदार्थों की तस्करी और दुरुपयोग रोकने को लेकर व्यापक समीक्षा की गई। बैठक में जिले में नशा मुक्ति अभियान को तेज करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर दायरे को ड्रग फ्री जोन बनाने का निर्णय लिया गया। विद्यालयों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाकर छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को नियमित निगरानी कर संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सार्वजनिक स्थलों पर नशे के खिलाफ अभियान चलाने, अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से होर्डिंग-बैनर लगाकर जनजागरूकता बढ़ाने की बात कही गई। स्वास्थ्य विभाग को नशा मुक्ति के लिए विशेष शिविर आयोजित करने तथा इसका विस्तृत शेड्यूल जारी करने को कहा गया।
बैठक में युवाओं से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। अधिकारियों एवं उपस्थित लोगों को नशा मुक्त जीवन का संकल्प भी दिलाया गया।
साथ ही एनकोर्ड पोर्टल पर बैठक की कार्रवाई अपलोड करने में आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग से पत्राचार करने का निर्देश दिया गया।

