उच्च एवं तकनीकी शिक्षा में सोना देवी विश्वविद्यालय की बड़ी छलांग
इंटेल टेक्नोलॉजी इंडिया के साथ एमओयू, छात्रों को मिलेगा एआई आधारित प्रशिक्षण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
नई दिल्ली। एआई इम्पैक्ट फेस्टिवल 2025 के दौरान घाटशिला स्थित सोना देवी विश्वविद्यालय और इंटेल टेक्नोलॉजी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस एमओयू का उद्देश्य विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में तकनीकी रूप से प्रशिक्षित करना और डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और ग्रुप कैप्टन सुभांशु शुक्ला ने किया। इस दौरान केंद्रीय सचिव एस. कृष्णन, अतिरिक्त सचिव अभिषेक सिंह, इंटेल फाउंडेशन की ग्लोबल हेड सारा केम्प और इंटेल इंडिया के संतोष विश्वनाथन मौजूद रहे।
इंटेल की ओर से वरिष्ठ निदेशक (एशिया-प्रशांत एवं जापान) श्वेता खुराना और विश्वविद्यालय की ओर से कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता 1 दिसंबर 2025 से 30 नवंबर 2027 तक प्रभावी रहेगा।
समझौते के तहत दोनों संस्थान ‘इंटेल एआई फॉर फ्यूचर वर्कफोर्स’ कार्यक्रम को बढ़ावा देंगे, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को एआई तकनीक की समझ, रोजगारपरक कौशल और डिजिटल तत्परता प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम का लक्ष्य एआई को सरल बनाकर तकनीकी आत्मविश्वास विकसित करना, एआई आधारित नौकरियों के लिए रोजगार क्षमता बढ़ाना और उद्योग-आधारित परियोजनाओं के माध्यम से व्यावहारिक कौशल विकसित करना है।
इंटेल द्वारा भारतीय संदर्भ में स्थानीयकृत एआई कार्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर होस्ट किया जाएगा। विश्वविद्यालय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के माध्यम से प्रशिक्षकों की तैयारी करेगा और छात्रों को सह-ब्रांडेड प्रमाणपत्र प्रदान करने की प्रक्रिया में शामिल रहेगा।
इंटेल इंडिया, अमेरिका के बाहर इंटेल का सबसे बड़ा इंजीनियरिंग केंद्र है, जिसकी बेंगलुरु और हैदराबाद इकाइयाँ अत्याधुनिक डिज़ाइन सुविधाओं से सुसज्जित हैं। कंपनी कंप्यूटर प्रोसेसर, हार्डवेयर और अन्य तकनीकी उत्पादों के निर्माण के लिए प्रसिद्ध है।
सोना देवी विश्वविद्यालय की स्थापना 17 फरवरी 2023 को झारखंड सरकार की अधिसूचना के बाद हुई। विश्वविद्यालय को यूजीसी अधिनियम 1956 की धारा 2(f) के तहत मान्यता प्राप्त है। विश्वविद्यालय में दस स्कूलों के अंतर्गत 63 से अधिक कोर्स संचालित किए जा रहे हैं और सुचारू संचालन हेतु विभिन्न समितियाँ गठित हैं। कुलाधिपति के पद पर सोना देवी मेमोरियल एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं संस्थापक प्रभाकर सिंह नियुक्त हैं।
यह एमओयू पूर्वी भारत में तकनीकी और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

