रेलवे ट्रैक पर महिला का शव मिलने से सनसनी, इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत
राष्ट्र संवाद संवादाता
कोडरमा। जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला की मौत हटिया-आसनसोल इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुई है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर नवलशाही थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कोडरमा सदर अस्पताल भेज दिया गया।
मृत महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। आसपास के थाना क्षेत्रों के साथ-साथ लापता लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है, ताकि मृतका की पहचान सुनिश्चित की जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। महिला की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को सूचना दी जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग भी मृतका की पहचान कराने में पुलिस का सहयोग कर रहे हैं

