सरयू राय का पुलिस पर कड़ा प्रहार, बोले— पुलिस शिथिल और लापरवाह
जमशेदपुर की कानून-व्यवस्था पर आज सर्वदलीय-सर्वसमाज की बैठक बुलाएंगे सरयू राय
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने शहर में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर बुधवार (1 जुलाई) को बिष्टुपुर स्थित मिलानी हॉल में सर्वदलीय, सर्वसमाज एवं प्रबुद्ध नागरिकों की बैठक बुलाई है। बैठक शाम 4 बजे से होगी, जिसमें शहर में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
सरयू राय ने कहा कि यह बैठक किसी एक दल या समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सभी वर्गों और विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होने पर पूरे इलाके या समुदाय के समर्थन में खड़े होने की प्रवृत्ति चिंताजनक है। ऐसे मामलों का समाधान पूरे समाज की सहभागिता से ही संभव है।
डीडी बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह हत्याकांड का उल्लेख करते हुए सरयू राय ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर मौजूद पुलिस शिथिल और अपनी जिम्मेदारियों के प्रति लापरवाह रही। यदि पुलिस समय पर सक्रिय होती तो घटना को रोका जा सकता था। उन्होंने कहा कि आम लोगों की प्राथमिकी तक दर्ज नहीं होती और अब पुलिस महकमे में ऊपर से नीचे तक व्यापक बदलाव की आवश्यकता है।
उन्होंने राज्य सरकार से भी मामले को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेने की अपील की। इस बीच सरयू राय मृतक हिमांशु सिंह के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और हरसंभव न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

