आईटीआई चाईबासा में सुरक्षित इंटरनेट दिवस–2026 का आयोजन, डिजिटल सुरक्षा को लेकर युवाओं को किया गया जागरूक
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला दंडाधिकारी–सह–उपायुक्त श्री चंदन कुमार के निर्देशानुसार जिला सूचना एवं विज्ञान (NIC) कार्यालय के तत्वावधान में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), चाईबासा में सुरक्षित इंटरनेट दिवस–2026 के अवसर पर डिजिटल सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक समाहर्ता श्री सिद्धांत कुमार ने की।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए सहायक समाहर्ता श्री सिद्धांत कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में इंटरनेट हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग, ऑनलाइन भुगतान सहित अधिकांश कार्य इंटरनेट के माध्यम से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज लगभग 99 प्रतिशत युवा सोशल मीडिया का उपयोग करते हैं, ऐसे में साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी कोई भी निजी या संवेदनशील जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें।
इस अवसर पर जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी ने इंटरनेट के सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक उपयोग पर विस्तार से जानकारी देते हुए साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने ई-मेल अकाउंट, व्हाट्सएप अकाउंट एवं सोशल मीडिया अकाउंट को सुरक्षित रखने के तरीकों की जानकारी दी। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर ने कहा कि किसी भी वेबसाइट को सर्च करते समय केवल अधिकृत और विश्वसनीय वेबसाइट का ही चयन करें, क्योंकि फर्जी वेबसाइट पर क्लिक करते ही उपयोगकर्ता की व्यक्तिगत जानकारी लीक होने का खतरा रहता है।
उन्होंने सभी डिजिटल अकाउंट्स में दो-स्तरीय प्रमाणीकरण (टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन) अपनाने की सलाह दी, ताकि पासवर्ड या मोबाइल हैक होने की संभावना कम हो सके। साथ ही डेस्कटॉप एवं लैपटॉप को नियमित रूप से अपडेट रखने, एंटीवायरस का उपयोग करने, पेन ड्राइव से डेटा ट्रांसफर करने से पूर्व स्कैन करने तथा अनजान वेबसाइट से किसी भी एप को डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करने की सलाह दी गई।
कार्यशाला में जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी श्री मनीष जांगिड, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मो. साकिब सलाम खान, डीआरएम-नेटवर्क इंजीनियर्स, कंप्यूटर ऑपरेटर, सीएससी मैनेजर, आईटीआई कॉलेज के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


