धीरज कुमार की रिपोर्ट
पटना,बिहार : ग्रामीण विकास विभाग बिहार सरकार मंत्री श्रवण कुमार ने नालंदा जिला अंतर्गत नगरनौसा प्रखंड के प्रेमनबिघा निवासी वीरेंद्र कुमार सिन्हा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्रवण कुमार ने इनके निधन पर अपनी संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार सिन्हा की सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों में काफी अभिरुचि थी। उन्हें खेती एवं फसलों से भी गहरा लगाव था तथा वे नई नई किस्म की सब्जियों को पैदा करने के काफी शौकीन थे। अपने लगाव एवं शौक के कारण उन्होंने केला एवं बैगन के पैदावार में एक क्रांति ला दी तथा आम,शीशम, सागवान एवं महोगनी का वृक्ष लगाकर एक बड़ा बगीचा तैयार किया जो आज भी इस क्षेत्र में पर्यावरण की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बाग, बगीचे,सब्जी की खेती, वृक्ष इत्यादि में इनके समर्पण से प्रेरित होकर यहां के किसानों ने भी इनका अनुकरण किया है। आगे माननीय मंत्री ने बताया कि इनका जन्म जनवरी 1949 को प्रेमनबीघा में हुआ था। अल्पायु में ही इनके माता-पिता दोनों का निधन एक महामारी में हो गया था। इनका प्रारंभिक जीवन काफी कष्टपूर्ण रहा था लेकिन इन विषम परिस्थितियों में भी इनके मामा ने उन्हें हौसला दिया तथा अपने मामा के सहयोग से स्वर्गीय सिन्हा अपने जीवन में आगे बढ़ते गए। इनके तीन पुत्र तथा दो पुत्रियां हैं जो विभिन्न पदों पर कार्य कर रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी इनकी काफी निकटता थी। इनके घर पर माननीय मुख्यमंत्री का आना जाना था। श्रवण कुमार ने मृतक की आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की है, तथा इस दुख की घड़ी में उनके परिवारवालों एवं शुभचिंतकों को धैर्य धारण करने के लिए शक्ति प्रदान करने हेतु भगवान से कामना की है।