दानापुर में होटल पर छापेमारी, संगठित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़; तीन नाबालिग लड़कियां रेस्क्यू, कई गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
– दानापुर पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि दानापुर रेलवे स्टेशन और सगुना मोड़ के बीच स्थित होटल ड्रैगन में संगठित रूप से देह व्यापार (सेक्स रैकेट) संचालित किया जा रहा है।
सूचना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), पटना के निर्देश पर थानाध्यक्ष खगोल के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। कार्रवाई की विधिक प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) को सूचित किया गया, जिनके द्वारा एक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई। दंडाधिकारी की उपस्थिति में होटल में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि होटल में संगठित तरीके से देह व्यापार का संचालन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान तीन नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया गया। एक महिला दलाल को गिरफ्तार किया गया, जबकि कोलकाता से बुलाई गई दो पेशेवर महिलाओं को भी हिरासत में लिया गया है।
इसके अलावा होटल के दोनों संचालकों, होटल स्टाफ तथा छह ग्राहकों को भी गिरफ्तार किया गया है। मौके से कुल ₹40,000 नकद, बड़ी मात्रा में प्रयुक्त एवं अप्रयुक्त कंडोम तथा शक्तिवर्धक दवाइयां बरामद की गई हैं।
मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जाएगा। वहीं, रेस्क्यू की गई तीनों नाबालिग लड़कियों को नियमानुसार बाल संरक्षण तंत्र के माध्यम से सुरक्षित संरक्षण एवं पुनर्वास की प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा।
दंडाधिकारी की उपस्थिति में होटल को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत सील करने की कार्रवाई भी की गई।
अमरेंद्र कुमार झा DSP 2 दानापुर

