ठेकेदार के बेटे के अपहरण मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, मुर्शिदाबाद से बच्चों की सकुशल बरामदगी, एक आरोपी गिरफ्तार दो फरार
टीम का नेतृत्व सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर और बिष्टुपुर थाना प्रभारी ने किया
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के रामदास भट्टा से 9 अक्टूबर की शाम ठेकेदार फिरदौस के बेटे का अपहरण कर लिया गया था। यह सनसनीखेज घटना मुर्शिदाबाद के मजदूरों द्वारा अंजाम दी गई। अपहरण की जानकारी मिलते ही परिजनों ने बिष्टुपुर थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी शुरू कर दी।
इस बीच, परिवार के लोगों ने भी अपने स्तर से बच्चे का पता लगाने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीनियर एसपी के आदेश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर और बिष्टुपुर थाना प्रभारी ने किया।
पुलिस टीम और परिजनों के संयुक्त प्रयास से आखिरकार मुर्शिदाबाद से ठेकेदार के बेटे को सकुशल बरामद कर लिया गया। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।
शनिवार को टीएसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस वार्ता कर पूरी घटना की जानकारी दी। वहीं, बच्चे के सकुशल लौटने के बाद परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और टीएसपी, डीएसपी तथा थानेदार को साल देकर सम्मानित किया।
परिजनों ने बताया कि अपहरण में शामिल मजदूर पिछले आठ वर्षों से उनके साथ काम कर रहे थे। बच्चे के चाचा ने बताया कि पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है, हालांकि ठेकेदार फिरदौस ने स्पष्ट किया कि उनकी ओर से कोई भी बकाया नहीं है।

