पुड़ीहासा में रास्ता बंद करने और पैसे मांगने का आरोप, ग्रामीणों ने डीसी से लगायी गुहार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सुंदरनगर के पुड़ीहासा सैनिक कॉलोनी के ग्रामीणों ने यूजीपीएल योजना के तहत बाउंड्रीवाल निर्माण में रास्ता छोड़ने के एवज में पैसे मांगने, धमकी देने और भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए उपायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज करायी। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि पैसे देने वालों के लिए रास्ता छोड़ा गया, जबकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का रास्ता बंद कर दिया गया। इससे एंबुलेंस, दमकल वाहनों और स्कूली बच्चों के आवागमन में परेशानी होने की आशंका है। ग्रामीणों ने ग्रामसभा और निर्धारित प्रक्रियाओं के पालन पर भी सवाल उठाये।
ग्रामीणों के अनुसार, 1 अक्टूबर को विभागीय अभियंता और 13 अक्टूबर को पोटका विधायक संजीव सरदार के समक्ष मामला उठाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। अब उन्होंने डीसी से प्रभावित परिवारों के लिए रास्ते की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जांच पूरी होने तक धमकी और दबाव से सुरक्षा देने की मांग की है।

