सुदूरवर्ती इलाके में दहशत, सड़क निर्माण में लगे हाईवा को फूंका, पुलिस की छापेमारी तेज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूरवर्ती आनंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोबोकेरा गांव में सोमवार की देर रात अज्ञात अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। अपराधियों ने सड़क निर्माण कार्य में लगे एक हाईवा वाहन को आग के हवाले कर दिया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, आनंदपुर थाना क्षेत्र के भालडुंगी चौक से साडीबा तक करीब 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। सोमवार रात लगभग एक बजे अज्ञात अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां खड़े हाईवा में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि वाहन का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण का कार्य रांची स्थित वैष्णवी कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया जा रहा है, जिसके मालिक नीरज सिंह हैं।
सुदूरवर्ती और घने जंगलों से घिरे इलाके का फायदा उठाकर अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। मंगलवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जले हुए वाहन का मुआयना किया और वहां मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की।
थाना प्रभारी प्रिंस झा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में असामाजिक तत्वों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही दोषियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना के बाद सड़क निर्माण कार्य में लगे ठेकेदारों और मजदूरों में भय का माहौल है। सुदूरवर्ती इलाकों में विकास कार्यों को बाधित करने या लेवी वसूली के उद्देश्य से इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे किसी प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन की भूमिका तो नहीं है।


